बिहार में बुधवार का दिन चुनावी माहौल का सबसे गर्म पल साबित हुआ. जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर मोतिहारी में उतरा, पूरा इलाका मानो थम-सा गया. लोग इतनी संख्या में उमड़े कि जगह कम पड़ गई कोई पेड़ पर चढ़ गया, कोई घरों की छत पर, तो कोई टीन शेड पर बैठकर योगी का भाषण सुनता नजर आया. कुछ लोग तो बुलडोजर लेकर पहुंच गए और उसी पर खड़े होकर पूरा संबोधन सुनते रहे. माहौल ऐसा था कि विरोधी दलों के खेमों में भी बेचैनी साफ दिख रही थी.
योगी का महिलाओं के सामने बड़ा बयान
योगी ने मंच से ऐसा बयान दिया जिसने वहां मौजूद हर महिला का दिल जीत लिया. उन्होंने कहा आरजेडी-कांग्रेस के दौर में बहनें-बेटियां, डॉक्टर-इंजीनियर, व्यापारी कोई भी सुरक्षित नहीं था. अब सुरक्षा की गारंटी सिर्फ एनडीए देता है. योगी ने साफ संदेश दिया कि बिहार में भी यूपी वाला मॉडल लागू होगा, जहां अपराधियों और माफियाओं की जगह सिर्फ सुधारगृह है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई अपराधी महिलाओं को डराने की कोशिश करेगा, तो यमराज का बुलावा समझ कर चले उनका इशारा साफ था, बुलडोजर का रास्ता बिहार की ओर भी मुड़ने वाला है.
विकास की बड़ी लिस्ट दिखाई
योगी ने मंच से केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा खाका रखा पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुफ्त बिजली कनेक्शन और कहा कि अब कोई दलाल जनता का हक नहीं खा सकता. उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस के समय एक गैस कनेक्शन के लिए 50 हजार रुपये तक देने पड़ते थे, और फिर भी नहीं मिलता था. लेकिन अब पैसा सीधे गरीब के खाते में जाता है.
विरोधियों पर सीधा हमला
योगी ने महागठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मोतिहारी में जिस उम्मीदवार को उतारा गया है, उसके खिलाफ 28 मुकदमे दर्ज हैं IPC की ऐसी कोई धारा नहीं बची जिसमें केस न हो. उन्होंने कहा, ऐसे अपराधियों को यूपी की जनता तो खड़े-खड़े ठुकरा देती. अपराधियों की कोई जाति नहीं होती, उनका पेशा सिर्फ कब्जा और डर फैलाना होता है. योगी ने लोगों से अपील करते हुए कहा बिहार को फिर जंगलराज में मत जाने देना. उनके इस आक्रामक तेवर और महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा देने वाले संदेश ने रैली को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मोतिहारी की यह सभा इतनी चर्चा में रही कि इसकी प्रतिध्वनि दिल्ली तक सुनाई दी.