Krishna Janmabhoomi : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ‘लाला’ के दर्शन किए और पूरे विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने गर्भगृह में देश और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और लोकमंगल की कामना की। मुख्यमंत्री के तौर पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि का यह उनका 20वां दर्शन बताया गया है।
‘लाला’ के दर्शन में दिखी आस्था
जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर के मुख्य गर्भगृह को विशेष रूप से सजाया गया था। गर्भगृह की दीवारों पर चांदी की परत चढ़ाई गई थी, जिससे पूरा परिसर भव्य नजर आ रहा था। योगी आदित्यनाथ ने काफी देर तक इस अलौकिक वातावरण में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी पूजा-अर्चना की।
गोमाता की पूजा के बाद बरसाए फूल
मुख्य पूजा से पहले मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गोमाता का विधिवत पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने भक्तों पर काफी देर तक पुष्प वर्षा भी की, जिससे जन्माष्टमी के उत्सव का माहौल और खास हो गया। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं।
VIDEO | Mathura: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath (@myogiadityanath) showers rose petals on devotees gathered at Shri Krishna Janmabhoomi Temple.
— Press Trust of India (@PTI_News) September 4, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) pic.twitter.com/aS1DngJXE4
ये भी पढ़ें : 36 हजार फीट पर अचानक फेल हुए तीन सिस्टम, Air India Flight में मची अफरा-तफरी, रिपोर्ट में खुलासा
उज्जैन के कलाकारों से मिले योगी
श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे। उज्जैन से आए कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और धार्मिक भावनाओं से जुड़ी प्रस्तुतियां दे रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलाकारों के बीच पहुंचे और उनकी प्रस्तुति देखकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कलाकारों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक जन्मभूमि परिसर में मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए प्रदेश और देशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म और निष्काम कर्म के आदर्श स्थापित होने की कामना की। साथ ही चराचर जगत में सुख, शांति, समृद्धि और लोकमंगल के विस्तार की प्रार्थना की। जन्माष्टमी पर मथुरा में मुख्यमंत्री की मौजूदगी और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।