सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और हंसा भी दिया। वीडियो में एक शख्स मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बिल्कुल हूबहू आवाज में फोन पर बात करता सुनाई देता है। आवाज, लहजा और अंदाज इतना सटीक है कि सामने वाला बिना सवाल किए खुद को कटघरे में खड़ा महसूस करने लगता है। यही वजह है कि यह वीडियो देखते ही देखते लाखों लोगों तक पहुंच गया और चर्चा का विषय बन गया।
प्रिंसिपल को लगा सीएम ऑफिस से कॉल
इस वायरल वीडियो में उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी कॉमेडियन और मिमिक्री आर्टिस्ट राहुल यादव एक सरकारी स्कूल की प्रिंसिपल को फोन करते हैं। वह खुद को मुख्यमंत्री कार्यालय से बताते हुए स्कूल की बदहाली और लापरवाही को लेकर सवाल पूछते हैं। आवाज सुनते ही प्रिंसिपल को जरा भी शक नहीं होता कि यह कोई प्रैंक कॉल हो सकता है। उन्हें लगता है कि सच में लखनऊ के पंचम तल से कॉल आई है और वे पूरी तरह घबरा जाती हैं।
घबराहट में बार-बार सॉरी
फोन कॉल के दौरान प्रिंसिपल सवालों के जवाब देने की बजाय बार-बार सॉरी सर कहती नजर आती हैं। उनकी घबराहट और डर साफ झलकता है। यही हिस्सा वीडियो को और ज्यादा वायरल बना देता है। लोग इस बात पर हैरान हैं कि सिर्फ आवाज के दम पर कोई इतना प्रभाव कैसे डाल सकता है। कई यूजर्स का कहना है कि योगी की कड़क आवाज और सख्त अंदाज ही ऐसा है कि बड़े से बड़ा अधिकारी भी अलर्ट मोड में आ जाता है।
सोशल मीडिया पर हंसी और चेतावनी
ये वीडियो इंस्टाग्राम पर @rahul_yadav17_ अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे करोड़ों बार देखा जा चुका है और लाखों लाइक्स मिल चुके हैं। कमेंट सेक्शन में लोग जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे जबरदस्त टैलेंट बता रहा है तो कोई कह रहा है कि ऐसा प्रैंक कानूनी मुसीबत भी बन सकता है। कुछ यूजर्स ने सलाह दी कि वीडियो के आखिर में यह जरूर बताना चाहिए था कि यह सिर्फ मजाक है। कुल मिलाकर यह वीडियो हंसी के साथ-साथ एक चेतावनी भी देता है कि आवाज की ताकत कितनी असरदार हो सकती है।