
यूपी के लखनऊ में माफिया मुख्तार अंसारी की डालीबाग की बहुमंजिला कोठी को ध्वस्त करके उस जगह पर फ्लैट बनाए गए हैं. ये फ्लैट मंगलवार को गरीबों को आवंटित कर दिए गए हैं. एलडीए ने इस सरकारी निष्क्रांत भूमि पर 72 फ्लैट बनवाए हैं. इन फ्लैटों की मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पारदर्शी तरीके से लॉटरी कराई गई. इस लॉटरी में चयनित आवंटियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज स्वयं चाबी सौंप दी है. इस दौरान सीएम योगी ने गरीबों के लिए बने मकान का निरीक्षण भी किया.
योजना के लिए 8 हजार लोगों ने किया आवेदन
वहीं मुख्तार से खाली कराई गई जमीन पर बने मकान की योजना को सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना नाम दिया गया है. बता दें कि इस जमीन पर माफिया मुख्तार अंसारी का कब्जा था और इसपर बहुमंजिला कोठी बनी हुई थी. इस जमीन को खाली करा कर कोठी को ध्वस्त करने के बाद गरीबों के मकान बनवाए गए हैं. ये फ्लैट 10.70 लाख रुपए में 36.65 वर्ग मीटर के हैं. इनके लिए 8 हजार से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था. इस योजना के तहत घरों में स्वच्छ पेयजल, बिजली, सुरक्षा और पार्किंग सुविधा भी मिलेगी.
10.70 लाख रुपये कीमत के तैयार किए गए फ्लैट
इस योजना के तहत तैयार किए गए फ्लैटों की कीमत बाजार में लगभग 35 लाख रुपये आंकी गई है. जबकि एलडीए ने इन्हें महज 10.70 लाख रुपये में गरीबों को उपलब्ध कराया है. गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए यह एक बड़ा मौका साबित हुआ है. एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि एलडीए ने पंजीकरण से लेकर लॉटरी तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न की है. इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार 36 घंटे काम करके यह सुनिश्चित किया कि लाभार्थियों को बिना विलंब उनके मकान का अधिकार मिल सके.