उत्तराखंड की एक महिला बाइक राइडर से छेड़छाड़ करने वाले मनचलों की सारी हेकड़ी तब निकल गई जब ‘योगी फोर्स’ ने दबोच लिया. उत्तर प्रदेश के मेरठ नंबर की एक वैन में सवार कुछ युवकों ने हरिद्वार में हाईवे पर बाइक चला रही युवती से अश्लील इशारे और बदतमीजी की. युवती ने हिम्मत दिखाते हुए पूरी घटना का वीडियो खुद रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
कान पकड़ कर माफी मांगते दिखे आरोपी
वीडियो वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस हरकत में आ गई. मेरठ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद जब इन युवकों को मीडिया और लोगों के सामने लाया गया तो वो कान पकड़कर माफी मांगते नजर आए.
क्या है पूरा मामला?
घटना का वीडियो हरिद्वार जिले से सामने आया है, जहां एक महिला बाइक राइडर हाईवे पर सोलो ट्रैवल कर रही थी. उसी दौरान मेरठ नंबर प्लेट वाली एक वैन में बैठे युवक युवती का पीछा करते हुए अश्लील इशारे और कमेंट्स करने लगे.
युवती ने साहस दिखाते हुए बदसलूकी कर रहे युवकों की वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, लोगों में गुस्सा भड़क गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की.
मामला में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवकों को मीडिया के सामने लाया गया, जहां उन्होंने कान पकड़कर माफी मांगते हुए आगे ऐसा न करने की कसम खाई. पुलिस ने आरोपियों पर छेड़छाड़, महिला की गरिमा भंग करने और सार्वजनिक शांति भंग करने की धाराओं में केस दर्ज किया है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने की युवती की सराहना
इस पूरे घटनाक्रम में जहां आरोपी युवकों की हरकत की कड़ी निंदा हो रही है, वहीं बहादुर बाइक राइडर युवती की भी खूब सराहना की जा रही है. लोगों का कहना है कि अगर हर महिला इस तरह साहस और सूझबूझ से काम ले तो ऐसे लोगों को सबक सिखाया जा सकता है.
पुलिस की सख्त चेतावनी
मेरठ पुलिस ने बयान जारी कर कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. जो भी कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.