उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई को जारी रखते हुए 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत कई जिलों में मुठभेड़ों को अंजाम दिया है. इस अभियान के दौरान बुलंदशहर, मथुरा, बलिया, आगरा और प्रतापगढ़ में पुलिस ने शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया और कई मामलों का खुलासा किया.
बुलंदशहर: शातिर गौकश से खुर्जा पुलिस की मुठभेड़
बुलंदशहर में खुर्जा पुलिस ने शातिर गौकश अयूब से मुठभेड़ की. इस एनकाउंटर में अयूब की टांग में गोली लगी और वह घायल हो गया. अयूब का दूसरा साथी फरार हो गया. पुलिस ने अयूब के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी में सहायक उपकरण बरामद किए. यह मुठभेड़ कोतवाली खुर्जा देहात क्षेत्र स्थित आम के बाग में हुई.
प्रतापगढ़ में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़
प्रतापगढ़ में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी है. यह मुठभेड़ जगन्नाथपुर नहर पुलिया के पास लालगंज पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में हुई. घायल बदमाश की पहचान शाहिद उर्फ पिंकू के रूप में हुई है. वह प्रतापगढ़, रायबरेली और अमेठी में लूट, चोरी, हत्या का प्रयास समेत 17 मामलों में वांछित था. पुलिस ने बदमाशों से दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.
बलिया: दवा व्यापारी गोलीकांड में दूसरे आरोपी का एनकाउंटर
बलिया में दवा व्यापारी गोलीकांड के दूसरे आरोपी रोहित वर्मा की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई. फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी. पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रोहित वर्मा पर 25 हजार का इनाम घोषित था. एनकाउंटर में उसके पास से एक कट्टा, कारतूस, कैश और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई.
आगरा में हत्या का आरोपी गिरफ्तार
आगरा में थाना प्रभारी वीरेश पाल गिरी फोर्स के साथ वायु विहार के सामने रोड पर चेकिंग कर रहे थे उसी समय एक स्कूटी सवार व्यक्ति आता दिखाई दिया जिसे पुलिस ने रोका तो वह नहीं रुका और तेजी से स्कूटी लेकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा किया तो वह हड़बड़ाकर गिर गया और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया. पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में सोहेल के बाएं पैर में गोली लगी. उसने पूछने पर अपना नाम सोहेल बताया और यह भी बताया कि उसने कल एक हर्षित नाम के व्यक्ति की बर्बरतापूर्वक हत्या की थी और बरामद स्कूटी हत्या में प्रयोग की गई थी.