
योगी के नेतृत्व में भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या ने एक बार फिर ऐसा इतिहास रचा है, जिसकी गूंज सिर्फ देश में नहीं बल्कि पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है. छोटी दीपावली के अवसर पर अयोध्या के सरयू तट पर दीपों का महासागर उमड़ पड़ा. योगी सरकार द्वारा आयोजित इस दीपोत्सव 2025 में एक नहीं, बल्कि दो-दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाए गए. सरयू तट पर एकसाथ 26 लाख 17 हजार 215 दीये जलाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बना, तो वहीं दूसरी ओर 2128 अर्चकों ने एक साथ मां सरयू की महाआरती कर एक और इतिहास रच दिया.
गिनीज टीम ने योगी को सौंपे सर्टिफिकेट
इस ऐतिहासिक मौके पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोनों कीर्तिमानों के सर्टिफिकेट सौंपे. सरयू किनारे श्री राम जय राम जय जय राम के जयकारों से पूरा अयोध्या शहर गूंज उठा. मंदिरों, गलियों, घरों और घाटों पर दीपों की रोशनी ने ऐसा दृश्य बनाया, मानो स्वर्ग धरती पर उतर आया हो. योगी सरकार के पर्यटन विभाग और अवध विश्वविद्यालय के हजारों छात्रों व वालंटियर्स ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अयोध्या की ये तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर छा चुकी हैं, और हर हिंदू का सीना गर्व से चौड़ा कर रही हैं.
मंच से योगी का तीखा प्रहार
दीपोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर भी जोरदार हमला बोला. बिना नाम लिए उन्होंने कहा कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि प्रभु राम काल्पनिक हैं, और सपा ने इसी अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। ये लोग बाबर की कब्र पर सजदा करते हैं लेकिन राम मंदिर के निमंत्रण को ठुकरा देते हैं. योगी के इस बयान ने न केवल विपक्ष को कटघरे में खड़ा कर दिया, बल्कि समर्थकों में जोश भी भर दिया. योगी का इशारा उन नेताओं की ओर था, जो अतीत में काबुल (अफगानिस्तान) स्थित बाग-ए-बाबर में जाकर सिर झुकाते रहे हैं. ये वही जगह है जहां भारत के पहले मुगल शासक जहीरुद्दीन बाबर की कब्र बनी हुई है, जिसे अफगानिस्तान ने राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया है. योगी के इस बयान के बाद सियासी हलकों में हलचल मच गई है.