
उत्तर प्रदेश के कई ज़िलों में हुई भारी बारिश ने नदियों को उफान पर ला दिया है। इसके चलते बाढ़ का संकट खड़ा हो गया और अन्नदाताओं की मेहनत से खड़ी फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो गईं। ऐसे हालात में किसानों की पीड़ा को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवज़ा दिया जाएगा और इसके लिए जल्द ही व्यापक सर्वे कराया जाएगा।
सीएम योगी ने दिए सर्वे के आदेश
सहारनपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के जिन क्षेत्रों में बाढ़ आई है और फसलें जल-प्लावन की चपेट में आई हैं, वहां तुरंत सर्वे कराया जाएगा। सर्वे की रिपोर्ट आने के बाद सरकार प्रभावित किसानों को उनके नुकसान का पूरा आकलन कर धनराशि उपलब्ध कराएगी। योगी ने साफ कहा कि किसानों की भरपाई सरकार की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की देरी नहीं होगी।
बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहले ही पहुंची राहत सामग्री
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जिन इलाकों में बाढ़ आई, वहां राहत सामग्री पहुंचाने का काम पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संकट की इस विकट घड़ी में सभी लोगों को मिलकर काम करना चाहिए, जिससे हालातों पर काबू पाया जा सके। इसी भावना के साथ यूपी सरकार ने ना केवल अपने प्रदेश में राहत कार्य तेज़ किया है, बल्कि पड़ोसी राज्यों की भी मदद की है।
ये भी पढ़ें : BJP ने सांसदों को दिया डिजिटल परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड, कई ‘Inactive’ की लिस्ट में, PM Modi ने दिया ये संदेश
पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भेजी राहत सामग्री
दरअसल, सीएम योगी सहारनपुर में पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी जा रही राहत सामग्री के वाहनों को रवाना करने पहुंचे थे। उन्होंने 48 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर इन राज्यों के लिए रवाना किया। इस सामग्री में ज़रूरी वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें पीड़ित परिवारों तक पहुंचाया जाएगा।
यूपी की 25 करोड़ जनता पीड़ितों के साथ
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन ट्रकों के साथ प्रतिनिधियों को भी भेजा जा रहा है, जो वहां जाकर प्रभावित नागरिकों को राहत सामग्री उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे पीड़ितों को बड़ी राहत मिलेगी और उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि अतिरिक्त मदद की ज़रूरत पड़ी तो यूपी सरकार तुरंत आगे बढ़ेगी। इस तरह योगी सरकार ने साफ संदेश दिया है कि प्रदेश के अन्नदाताओं और पड़ोसी राज्यों के बाढ़ पीड़ितों को किसी भी हाल में अकेला नहीं छोड़ेंगे। हर कदम पर सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है।