UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय एक हजार रुपये बढ़ाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार ग्राम प्रहरियों व उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये कैशलेस इलाज की सुविधा भी देने जा रही है। मानदेय में एकमुश्त 40 प्रतिशत की वृद्धि से अब उन्हें 2500 के बजाय 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इस तरह प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये की अतिरिक्त आय होगी। वर्ष 2017 में ग्राम प्रहरियों को महज 1500 रुपये मानदेय मिलता था, जिसे वर्ष 2019 में बढ़ाकर 2500 रुपये किया गया था। अब जिम्मेदारी के साथ सरकार उनकी सुविधाएं भी बढ़ा रही है।
जनता किससे उम्मीद करती
बरेली पुलिस लाइन में आयोजित भव्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के पहले जो लोग सत्ता में थे, वही लूट-खसोट भी करते थे। जो रहनुमा थे,वही चोर भी थे तो जनता किससे उम्मीद करती। ग्राम प्रहरी अपने गांव में सजग रहकर सूचनाएं एकत्र करें। किसी आपात स्थिति में फोन के माध्यम से थानाध्यक्ष या क्षेत्र के दरोगा को सूचना दें। थानाध्यक्ष अथवा क्षेत्र का दरोगा सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर सूचनाएं एकत्र करे और समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करे।
खाली पदों पर नियुक्त किए जाएं ग्राम प्रहरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम प्रहरियों की भूमिका को सम्मान तथा सुविधाओं के माध्यम से मजबूती देना आवश्यक है। वर्ष 2019 में ग्राम प्रहरियों को सुरक्षा व्यवस्था के लिए टॉर्च और डंडा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। अब मानदेय में अतिरिक्त बढ़ोतरी के साथ उनकी भूमिका को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने गृह विभाग से कहा है कि जिन स्थानों पर ग्राम प्रहरी के पद खाली हैं, वहां स्थानीय व्यवस्था के अंतर्गत नियुक्ति की जाए और नियमित बैठकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को पांच लाख तक कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों के कल्याण के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकार करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। इस व्यवस्था के तहत ग्राम प्रहरी या उनके परिवार का कोई सदस्य बीमार होने पर पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य कवर के माध्यम से उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेगा। ग्राम प्रहरी अपने कार्य के प्रति सजग और सचेत रहें।
11 ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री योगी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को मंच पर साफा पहनाकर और गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन मंत्री और हाल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित धर्मपाल सिंह, प्रभारी मंत्री बरेली जेपीएस राठौर, पर्यावरण और वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, मंत्री संजय गंगवार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा की नवनिर्वाचित सांसद श्रुति गंगवार, मेयर बरेली डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, विधायकगण संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. डीसी वर्मा जी, डॉ. एमपी आर्य, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण उपस्थित रहे