नेपाल में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए योगी सरकार ने राहत-बचाव अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के मुताबिक संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं।
32 सदस्यीय प्लाटून
एसडीआरएफ की 32 सदस्यीय प्लाटून और पीएसी की 26वीं बटालियन के 22 जवान नेपाल भेजे गए हैं। रेस्क्यू के लिए चार रबर बोट मौके पर मौजूद हैं, जबकि अतिरिक्त एसडीआरएफ प्लाटून के साथ एल्युमिनियम बोट भी भेजी जा रही है। सिंधुरिया क्षेत्र में बचाव कार्य की तैयारियां की जा रही हैं।
1070 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं
राहत आयुक्त कार्यालय के कंट्रोल रूम से नेपाल तथा सीमावर्ती जिलों की स्थिति की निगरानी हो रही है। सरकार का जोर फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने पर है। नेपाल में मौजूद यूपी के नागरिकों के संबंध में जानकारी या मदद के लिए उनके परिजन 1070 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।