अगर बेटी की शादी का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है तो अब चिंता की बात नहीं है क्योंकि सरकार आपके साथ खड़ी है. यूपी सरकार ने एक ऐसी खास योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत बेटी की शादी में आर्थिक सहायता दी जाती है. इस योजना का नाम सुनते ही लोग हैरान हैं. क्योंकि इसमें मामूली नहीं बल्कि पूरे 1 लाख रुपये तक की मदद दी जाती है. यह योजना खास तौर पर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है.
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत
बेटियों की शादी को लेकर प्रदेश सरकार ने गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत दी है. अब मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार एक बेटी की शादी पर 1 लाख रुपये आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है. जबकि पहले 51,000 रुपये मिलते थे लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार ने राशि को लगभग दोगुना किया है.
नई व्यवस्था के अंतर्गत 60,000 रुपये सीधे बेटी के बैंक खाते में भेजे जाएंगे. 25,000 रुपये जरूरी सामग्री और उपहारों पर खर्च होंगे. जबकि 15,000 रुपये सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन के लिए हैं. सरकार का उद्देश्य इस योजना के जरिए बेटियों के सम्मानजनक विवाह को सुनिश्चित करना और समाज में समानता को बढ़ावा देना है.
कौन होगा पात्र ?
इस योजना का लाभ वही परिवार उठा सकते हैं जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम है. साथ ही, विवाह के समय लड़की की आयु कम से कम 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष होना अनिवार्य है. यह योजना समाज के सभी वर्गों के लिए उपलब्ध है, चाहे वह अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग या अल्पसंख्यक समुदाय से हो. एक खास बात यह भी है कि विधवा और तलाकशुदा महिलाएं भी इस योजना के अंतर्गत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया को अब पहले से अधिक सरल और सुगम बना दिया गया है।
कैसे करें आवेदन ?
इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक परिवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए shadianudan.upsdc.gov.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरना होगा. जिनके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र या ब्लॉक कार्यालय में जाकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के साथ आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, शादी का निमंत्रण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है. सभी दस्तावेजों की जांच के बाद यदि पात्रता तय मान ली जाती है, तो सहायता राशि सीधे लड़की के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाती है.