Diwali Gift For Employes: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दिवाली से पहले राज्य के लाखों कर्मचारियों को बोनस देने का फैसला किया है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पात्र कर्मचारियों को 30 दिन का तदर्थ बोनस देने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से करीब 15 लाख कर्मचारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि बोनस की रकम का कुछ हिस्सा नकद दिया जाएगा, जबकि बाकी राशि कर्मचारियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बचत के रूप में जमा की जाएगी। इस फैसले में नियमित कर्मचारियों के साथ दैनिक वेतनभोगियों को भी शामिल किया गया है।
कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये का बोनस
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की मंजूरी के बाद वित्त विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने गुरुवार को इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया। इसके तहत करीब 14.82 लाख अराजपत्रित कर्मचारियों को अधिकतम 6,908 रुपये बोनस मिलेगा। बोनस की गणना के लिए अधिकतम मासिक वेतन सीमा 7,000 रुपये निर्धारित की गई है। इस दायरे में राज्य सरकार के पात्र कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारी शामिल हैं।
25 फीसदी नकद और 75 फीसदी भविष्य निधि में जमा
सरकार ने बोनस भुगतान के लिए नकद और बचत दोनों का प्रावधान किया है। निर्धारित बोनस की 25 फीसदी रकम कर्मचारियों को नकद दी जाएगी, जबकि शेष 75 फीसदी राशि उनके सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) खाते में जमा होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य कर्मचारियों को तत्काल आर्थिक सहायता देने के साथ उनकी भविष्य की बचत को भी बढ़ावा देना है।
यह भी देखेंःIndia Creates History: पैरा गेम्स में भारत ने रचा नया इतिहास, 14 से बढ़कर 114 हुए पदक
रिटायर होने वाले कर्मचारियों को मिलेगी पूरी रकम
सरकार के आदेश के मुताबिक, हाल ही में सेवानिवृत्त हुए या निर्धारित समय में रिटायर होने वाले पात्र कर्मचारियों को बोनस की पूरी राशि नकद दी जाएगी। 31 मार्च के बाद सेवानिवृत्त हो चुके और 30 अप्रैल तक रिटायर होने वाले कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं, जो कर्मचारी जीपीएफ के सदस्य नहीं हैं, उनकी बोनस राशि नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (एनएससी) या पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी।
दैनिक वेतनभोगियों को भी मिलेगा बोनस
योगी सरकार ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी इस फैसले में शामिल किया है। ऐसे कर्मचारी जो छह दिन के कार्य सप्ताह वाले कार्यालयों में कम से कम तीन साल से लगातार काम कर रहे हैं और हर साल न्यूनतम 240 दिन की सेवा पूरी कर चुके हैं, उन्हें भी बोनस मिलेगा। इनके लिए अधिकतम बोनस राशि 1,184 रुपये तय की गई है। सरकार के इस फैसले से नियमित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को त्योहार से पहले आर्थिक मदद मिलेगी।