UP News: उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लाखों शिक्षकों और कर्मचारियों को होली से पहले बड़ी सौगात मिली है। राज्य सरकार ने एडेड (सहायता प्राप्त) और परिषदीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की ग्रेच्युटी सीमा बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब उनकी अधिकतम ग्रेच्युटी राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये हो जाएगी।
विभाग के प्रस्ताव को वित्त ने दी सहमित
यह प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा तैयार किया गया था, जिसे उच्च स्तर पर अंतिम रूप देने के बाद वित्त विभाग को भेजा गया और वहां से सहमति मिल गई है। इससे प्रदेश के ढाई लाख से अधिक शिक्षक और कर्मचारी सीधे लाभान्वित होंगे। वर्तमान में इनकी ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख रुपये निर्धारित थी, जबकि जुलाई 2024 में राज्य के नियमित कर्मचारियों की ग्रेच्युटी सीमा 25 लाख रुपये कर दी गई थी।
शिक्षक संगठन लंबे समय से कर रहे थे मांग
शिक्षक संगठन लंबे समय से राज्यकर्मियों के समान बराबरी की मांग कर रहे थे, जिसे अब पूरा किया गया है। शिक्षा जगत में इस फैसले को काफी सकारात्मक माना जा रहा है। सेवानिवृत्त शिक्षक और कर्मचारी अब रिटायरमेंट पर अधिक राशि प्राप्त कर सकेंगे, जो उनकी पोस्ट-रिटायरमेंट जीवन को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगा। योगी सरकार के इस कदम से शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा।