Yogi Government Special Campaign: उत्तर प्रदेश सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने के लिए 6 से 11 जुलाई तक राज्यव्यापी विशेष जागरूकता एवं नामांकन अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर पात्र किसानों का नामांकन करेंगे और उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देंगे।
सामाजिक सुरक्षा से जुड़ेंगे गन्ना किसान परिवार
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक गन्ना किसान परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों और उनके परिवारों को दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु तथा वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में आर्थिक सहायता और सुरक्षा मिल सकेगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।
गन्ना समितियों की रहेगी अहम जिम्मेदारी
राज्य की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियां इस अभियान में प्रमुख भूमिका निभाएंगी। समितियां पात्र किसानों की पहचान, दस्तावेजों का सत्यापन और योजनाओं में नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराएंगी। सरकार ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र किसान इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए समिति स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
यह भी देखेंःडिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर मैंगो पार्टी, सीएम योगी समेत भाजपा नेताओं ने किया मंथन
सहायता केंद्रों पर मिलेगी सभी सुविधाएं
अभियान के दौरान प्रत्येक सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में विशेष सहायता एवं नामांकन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर बैंक, इफको, चीनी मिलों और अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। किसानों को दस्तावेजों का सत्यापन, बैंकिंग सहायता, नए बैंक खाते खोलने और मौके पर ही विभिन्न योजनाओं में नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
महिला किसानों और ग्रामीणों पर रहेगा विशेष फोकस
सरकार ने इस अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। महिला किसानों और ग्रामीण महिलाओं को बीमा, पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव और विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएंगे, ग्राम सभाओं और किसान गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी देंगे।