उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि यह पर्व सभी को आपसी प्रेम और मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है. साथ ही मुख्यमंत्री ने इस पर्व को शांतिपूर्वक और परंपरागत रूप से मनाने की अपील की है.
'नई परंपरा की न हो शुरुआत'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहार के मद्देनजर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों को रोककर नमाज़ अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. नमाज़ केवल पूर्व निर्धारित और चिन्हित स्थलों पर ही की जा सकती है. उन्होंने प्रशासन को आदेश दिया है कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न होने दी जाए, जिससे कानून-व्यवस्था पर असर पड़े.
प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
बकरीद को लेकर प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए. विशेष रूप से सहारनपुर, संभल, गोंडा जैसे संवेदनशील जिलों में पुलिस की सतर्क निगरानी बनी हुई है. इन क्षेत्रों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी किया गया है, जिससे आम जनता में विश्वास बना रहे.
गौतमबुद्धनगर में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू
लाउडस्पीकर पर भी सख्त निर्देश
लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर भी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर चलाने की अनुमति नहीं होगी, जबकि दिन में भी ध्वनि स्तर तय सीमा के भीतर ही रहना अनिवार्य होगा.
पुलिस और प्रशासन की अपील है कि सभी नागरिक बकरीद के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाएं, और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें. सुरक्षा और नियमों के पालन के साथ त्योहार मनाने से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाएगा.