सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार से गंगाजल लेकर मेरठ की ओर आ रहे कांवड़ियों की आस्था से पूरा माहौल शिवमय हो गया है. "हर-हर महादेव" के जयघोष से आसमान गूंज रहा है. इस बीच रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और यात्रा को शांति और श्रद्धा के साथ पूरा करने की अपील की.
उपद्रवियों के लगेंगे पोस्टर, होगी सख्त कार्रवाई
सीएम योगी ने चेतावनी दी कि कुछ लोग जानबूझकर झगड़े की स्थिति पैदा कर उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं, जिससे इस पवित्र यात्रा की छवि को नुकसान पहुंच रहा है. सरकार ऐसे उपद्रवियों को पहचान चुकी है. यात्रा के बाद उनके पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए जाएंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कांवड़ियों को किया सतर्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा सामाजिक एकता और समानता का प्रतीक बन चुकी है, जिसमें बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सभी भाग ले रहे हैं. उन्होंने कांवड़ियों से अपील की है कि अगर कोई उपद्रव करता है तो कानून हाथ में न लें, बल्कि पुलिस को तुरंत जानकारी दें. सरकार ने यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में CCTV कैमरे लगाए हैं ताकि किसी भी उपद्रव वाली गतिविधि पर नजर रखी जा सके.
व्यवस्थाओं का रखा गया पूरा ध्यान
मुख्यमंत्री ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा और सेवा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. साथ ही यह भी ध्यान रखा गया है कि आम लोगों को यात्रा के कारण किसी प्रकार की परेशानी न हो. उन्होंने सभी से सड़क, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने की अपील भी की.
तीन प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक की सलाह
सीएम योगी ने कहा कि अब सावन की शिवरात्रि निकट है, इसलिए श्रद्धालु जल्द अपने गंतव्य की ओर बढ़ें. उन्होंने विशेष रूप से मेरठ के औघड़नाथ मंदिर, बागपत के पुरा महादेव मंदिर और गाजियाबाद के दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने की सलाह दी.
2017 के बाद कांवड़ियों को मिली खुली छूट
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले की सरकारों में कांवड़ यात्रा पर कई पाबंदियां लगाई जाती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने श्रद्धालुओं को पूरी स्वतंत्रता दी है. अब कांवड़ियों का भी दायित्व है कि यात्रा को शांति और अनुशासन के साथ पूरा करें.