सर्दियों में दही जमना क्यों बन जाता है समस्या : दही भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है. चाहे पराठे हों, दाल-चावल हों या कढ़ी, दही के बिना स्वाद अधूरा लगता है। लेकिन जैसे ही सर्दियों का मौसम आता है, दही जमाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। कई बार पूरी कोशिश करने के बाद भी दूध पतला रह जाता है या दही खट्टी हो जाती है। ठंड के मौसम में तापमान कम होने की वजह से दही जमाने वाले अच्छे बैक्टीरिया सक्रिय नहीं हो पाते। ऐसे में अगर सही तरीका और छोटी-छोटी ट्रिक्स अपना ली जाएं, तो सर्दियों में भी दही बिल्कुल थक्केदार और मलाईदार जमाई जा सकती है.
दूध का सही चुनाव है सबसे जरूरी
सर्दियों में दही जमाने के लिए दूध का सही होना बहुत जरूरी है। हमेशा फुल क्रीम या गाय के ताजे दूध का इस्तेमाल करें. दूध को अच्छी तरह उबालना बेहद जरूरी है ताकि उसमें मौजूद अनचाहे बैक्टीरिया खत्म हो जाएं। उबालने के बाद दूध को गुनगुना होने दें। ध्यान रखें कि दूध ज्यादा गर्म होगा तो जामन खराब हो सकता है और ठंडा होगा तो दही नहीं जमेगी। दूध में उंगली डालने पर हल्की गर्माहट महसूस हो, यही सही तापमान है। यही छोटी सी बात अक्सर दही जमने या न जमने का फर्क पैदा करती है.
जामन डालने का सही तरीका
सर्दियों में ज्यादा जामन डालने की गलती कई लोग कर बैठते हैं, जिससे दही खट्टी हो जाती है। हमेशा एक कटोरी दूध के लिए आधा छोटा चम्मच ताजा और अच्छी क्वालिटी की दही ही पर्याप्त होती है। जामन को सीधे दूध में डालने के बजाय पहले थोड़े से गुनगुने दूध में अच्छे से घोल लें, फिर पूरे दूध में मिलाएं। इससे जामन समान रूप से फैल जाता है और दही अच्छे से जमती है। अगर पिछली दही पतली या खट्टी है, तो उसे जामन के लिए इस्तेमाल न करें.
सर्दियों की खास ट्रिक: दही जमाने की सही जगह
सर्दियों में दही जमाने की सबसे बड़ी ट्रिक है उसे गर्म और बंद जगह पर रखना। दही को ढक्कन लगाकर माइक्रोवेव या ओवन में बिना ऑन किए रख दें। चाहें तो दही के बर्तन को किसी मोटे कपड़े या कंबल में लपेटकर भी रख सकते हैं। कुछ लोग फ्रिज के ऊपर या रसोई के किसी कोने में रखते हैं जहां हल्की गर्मी बनी रहती है। इसके अलावा एक बेहतरीन तरीका यह है कि दही के बर्तन को हल्के गर्म पानी वाले बड़े बर्तन में रख दिया जाए। इससे अंदर का तापमान बना रहता है और दही अच्छे से जम जाती है.
कितने समय में जमेगी दही और क्या न करें
सर्दियों में दही जमने में 8 से 10 घंटे तक का समय लग सकता है, इसलिए धैर्य रखना जरूरी है. बार-बार दही को हिलाना या ढक्कन खोलकर देखना दही जमने की प्रक्रिया को खराब कर सकता है. एक बार दही जम जाए तो तुरंत फ्रिज में रख दें ताकि वह ज्यादा खट्टी न हो। ध्यान रखें कि दही जमाते समय बर्तन बिल्कुल साफ और सूखा हो। गंदा या गीला बर्तन भी दही खराब कर सकता है. अगर आप इन बातों का ध्यान रखते हैं, तो चाहे कितनी भी ठंड क्यों न हो, आपकी दही हमेशा थक्केदार, मलाईदार और स्वादिष्ट जमेगी.