Cheap markets in Delhi: आज के समय में बढ़ती महंगाई ने आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है। राशन, कपड़े से लेकर रोजमर्रा की हर चीज़ महंगी हो चुकी है। ऐसे में हर कोई ऐसी जगहों की तलाश में रहता है, जहाँ जेब पर ज्यादा बोझ न पड़े और अच्छा सामान भी मिल जाए। शॉपिंग के मामले में देश की राजधानी दिल्ली सबसे आगे है। यहां पर कुछ ऐसे फेमस मार्केट हैं, जहां कम रेट में बेहतर सामान मिल जाता है। इन बाजारों में आप मात्र 100 रुपये में भी बढ़िया शॉपिंग कर सकते हैं। आइए दिल्ली के इन बेस्ट मार्केट्स के बारे में जानते हैं।
गांधी नगर मार्केट
अगर आप सस्ते रेडीमेड कपड़े ढूंढ रहे हैं, तो गांधी नगर मार्केट बेस्ट है। यहां कई दुकानों पर मात्र 50 से 100 रुपये के बीच शर्ट और टी-शर्ट मिल जाती हैं। यहां पर आपको शर्ट, जींस, टी-शर्ट और बच्चों के कपड़े जैसे कपड़े आराम से मिल जाते हैं।
सरोजनी नगर मार्केट
फैशनेबल और ट्रेंडी कपड़ों के लिए यह मार्केट पूरे देश में मशहूर है। यहां दूर-दूर से लोग शॉपिंग करने आते हैं। यहां पर सिर्फ सस्ते कपड़े ही नहीं, बल्कि ज्वेलरी, फुटवेयर, मेकअप, घरेलू सामान भी बहुत ही कम कीमत पर आसानी से मिल जाता है। यहां आपको 100 रुपये में ट्रेंडी टॉप्स, शर्ट और समर ड्रेसेस आसानी से मिल जाएंगी। बता दें कि यह बाजार सोमवार को बंद रहता है।
जनपथ मार्केट
कनॉट प्लेस के पास स्थित जनपथ मार्केट में गुजराती और तिब्बती संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। इस मार्केट में आपको 100 रुपये के अंदर खूबसूरत झुमके, चोकर, ब्रेसलेट और हैंडबैग मिल जाते हैं। इस मार्केट में एथनिक बैग, जंक व ऑक्सिडाइज्ड ज्वेलरी, कुर्तियां, टॉप, जींस और होम डेकोर का सामान आसानी से और बेहद सस्ता मिल जाता है। इस मार्केट के सबसे नजदीक जनपथ और राजीव चौक मेट्रो स्टेशन है।
कतरन बाजार
अगर आपको खुद कपड़े डिजाइन करना पसंद है, तो मंगोलपुरी का कतरन बाजार आपके लिए अच्छा ऑप्शन है। यहां आपको मात्र ₹20 से ₹50 प्रति मीटर के भाव में कपड़ा मिल जाएगा। इस मार्केट में आपको कॉटन, रेयॉन, सिल्क, नेट के फैब्रिक के साथ-साथ सुंदर लटकन और लेस जैसे कपड़े आसानी से मिल जाते हैं। इस मार्केट के सबसे नजदीक पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन है। बता दें, यह बाजार महीने की हर 28 तारीख को बंद रहता है।
यह भी पढ़ें: Thursday Box Office: 'वेलकम टू द जंगल' 92 करोड़ पार; 'कॉकटेल 2' का भी जलवा जारी! जानें बाकी फिल्मों का हाल
सदर बाजार
दिल्ली का सदर बाजार भी बहुत फेमस है। यहां आपको जरूरत की हर चीज़ थोक के भाव मिलती है। इस मार्केट में आपको 100 रुपये में किचन के सामान से लेकर रोजमर्रा की कई चीज़ें आ जाती हैं। इस मार्केट में आपको क्रॉकरी, खिलौने, घरेलू सामान, ज्वेलरी और मेकअप प्रोडक्ट्स आसानी से और बेहद कम दाम में मिलते हैं। इस मार्केट के सबसे नजदीक रामकृष्णा आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन है। बता दें, रविवार के दिन यहां की पटरी मार्केट में सामान और भी ज्यादा सस्ता मिलता है।
इन बातों का रखें ध्यान
- इन बाजारों में दाम कम कराने की पूरी गुंजाइश होती है।
- भीड़भाड़ ज्यादा होने के कारण अपने पर्स और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।
- इन मार्केट्स में बच्चों को साथ ले जाने से बचना चाहिए।