15 जून को नीम करौली बाबा के कैंची धाम में लगने वाले वार्षिक मेले को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है. बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए इस बार प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं. 14 और 15 जून को बाहरी दोपहिया वाहनों की पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.
दोपहिया वाहन काठगोदाम और कालाढूंगी में रोके जाएंगे
पुलिस के मुताबिक, इन दोनों दिन बाहरी दोपहिया वाहनों को काठगोदाम और कालाढूंगी में ही रोक दिया जाएगा. यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवाओं के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा. इन दिनों कैंचीधाम और उसके आसपास के इलाकों में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है.
दोगुनी होंगी शटल सेवाएं, किराया तय
प्रशासन ने इस बार पिछले साल के मुकाबले दोगुनी शटल सेवाएं चलाने का फैसला लिया है. शटल और रोडवेज बसें हल्द्वानी, कालाढूंगी, नैनीताल, काठगोदाम, गरमपानी, खैरना, भीमताल और भवाली से चलाई जाएंगी.
हल्द्वानी से कैंची धाम: बस – ₹150 | मैक्स – ₹200
भीमताल से कैंची धाम: ₹100
भवाली से कैंची धाम: ₹50
कुल मिलाकर 500 से अधिक वाहन श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए लगाए जाएंगे.
15 पार्किंग स्थल चिन्हित
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने 15 स्थानों पर अस्थाई पार्किंग स्थल बनाए हैं. इन सभी पार्किंग स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय और पर्याप्त रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
मुख्य पार्किंग स्थल इस प्रकार हैं:
कैंची धाम, पनीराम ढाबा, भवाली चौराहा (पुराना रोडवेज स्टेशन), नैनीबैंड रोड, सेनिटोरियम भवाली, फरसौली परिवहन निगम, विकास भवन, भवाली मस्जिद बैरियर, नगर पालिका मैदान भवाली, खैरना मंडी, कैंची प्राइवेट पार्किंग, प्लांटिस पार्किंग, जलसंस्थान कैंपस भवाली, भवाली-श्यामखेत मार्ग, और भवाली बाईपास डंपिंग जोन.
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वो प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और अपने वाहनों को चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें. सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए शटल सेवा का अधिकतम उपयोग करें.