देशभर में जारी भीषण गर्मी और बिजली की खपत को देखते हुए केंद्र सरकार अब एयर कंडीशनर (AC) को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रही है. सरकार बहुत जल्द ऐसा नियम लागू करने जा रही है, जिसके तहत कोई भी AC 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे और 28 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं चल सकेगा. यह नई व्यवस्था न सिर्फ घरेलू, बल्कि वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और वाहनों में भी लागू होगी. मतलब कि अब आप घर, ऑफिस या गाड़ी में लगे AC को 16 या 18 डिग्री पर नहीं चला पाएंगे, जैसा कि अभी तक होता रहा है.
ऊर्जा बचत और पर्यावरण संतुलन सरकार की प्राथमिकता
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस फैसले का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, बिजली की खपत में कमी और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है. साथ ही, यह कदम जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने में भी मददगार साबित होगा.
मंत्री ने कहा कि कम तापमान पर AC चलाने से बिजली की खपत अधिक होती है, जिससे ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय प्रभाव दोनों बढ़ते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए तापमान सीमाएं तय की जा रही हैं.
जापान और इटली जैसे देशों का दिया उदाहरण
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खट्टर ने बताया कि कई विकसित देशों में पहले से ही इस तरह की व्यवस्था लागू है. उन्होंने जापान का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 26 डिग्री तापमान की सीमा तय है, जबकि इटली में इसे 23 डिग्री रखा गया है. भारत में यह नीति मोदी सरकार के ‘विजन 2047’ का हिस्सा है, जिसके तहत ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने की व्यापक योजना पर काम किया जा रहा है.
नए एसी में लागू होगा यह नियम
फिलहाल बाजार में उपलब्ध अधिकांश एसी 16 डिग्री सेल्सियस तक कूलिंग की सुविधा देते हैं, लेकिन नया नियम लागू होने के बाद कंपनियों को अपने नए प्रोडक्ट्स में यह सीमाएं अनिवार्य रूप से लागू करनी होंगी. यानी अब जो भी नए एसी बाजार में आएंगे, उनमें न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री तक ही सेट किया जा सकेगा.
क्या बदलेगा आपके लिए?