एक युवक का शव किराए के मकान में फंदे पर लटका मिला। मंगलवार को भाई-भाभी मजदूरी करने गए थे, जबकि बच्चे नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान युवक ने कमरे में फंदा लगा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली
भावनपुर थाना क्षेत्र के जय भीम नगर में मंगलवार को 24 वर्षीय युवक देवा निवासी गांव नवल मुजफ्फर नगर ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वह सोमवार शाम अपने बड़े भाई से मिलने आया था। परिजनों के मुताबिक देवा अपनी मां के साथ नवल गांव में रहता था। उसका बड़ा भाई जय भीम नगर में किराए के मकान में पत्नी और बच्चों के साथ रहता है।
शव फंदे पर लटका मिला
भाई और भाभी दोनों मजदूरी करते हैं। मंगलवार को भाई-भाभी रोज की तरह काम पर चले गए। घर में बच्चे नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान देवा कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसका शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर भावनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भावनपुर थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।