
मुजफ्फरनगर। नई मंडी रामलीला ग्राउंड के बराबर में बने रेलवे के सूक्ष्म तरंग केंद्र के टावर पर एक युवक चढ़ गया और प्रेमिका से मिलने की जिद पर घंटों हंगामा किया। पुलिस व दमकल कर्मियों ने लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह युवक को टॉवर से नीचे उतारा। पुलिस ने पहले थाने पर युवक को समझाते हुए उसकी काउंसलिंग की और बाद में उसका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।
खतौली थाना क्षेत्र के गांव चांदसमंद निवासी राजकुमार उर्फ राजू का गांव की एक युवती से प्रेमप्रसंग चल रहा था। दोनों प्रेमप्रसंग के चलते अपने अपने घरों से फरार हो गए और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में पहुंचकर 14 जुलाई को आर्य समाज मन्दिर में प्रेम विवाह कर लिया। युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ खतौली थाने पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों को हिमाचल प्रदेश से बरामद कर लिया था। पुलिस ने यूपी के बयान कोर्ट में कलम बंद कराए थे जिसके बाद युवती अपने परिजनों के साथ चली गयी तभी से युवक की मुलाकात अपनी प्रेमिका के साथ नहीं हुई। राजकुमार फायर की पाइप लाइन बिछाने का कार्य करता है। काफी दिनो से प्रेमिका से उसकी मुलाकात न होने के युवक मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। इसी कारण वह सुबह नई मंडी थाने के निकट रामलीला ग्राउंड के बराबर में रेलवे परिसर में बने सूक्ष्म तरंग केंद्र के विशाल टावर पर चढ़ गया। उसका आरोप है कि उसकी प्रेमिका गर्भवती भी थी, लेकिन उसके परिजनों ने उसका गर्भपात करा दिया। मंगलवार सुबह रेलवे के मोबाइल टॉवर पर चढे युवक ने प्रेमिका से मिलने की जिद की।
युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस व दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे पुलिस भी वहां पहुंच गई। लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने किसी तरह युवक को समझा बूझकर उसकी मांग पूरी करने का आश्वासन देकर सकुशल उसे नीचे उतरा। पुलिस ने उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी थी। युवक तभी नीचे उतरा जब पुलिस में पुलिस ने नीचे उतारने के लिए उसकी प्रेमिका से मिलवाने का आश्वासन दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने नई मंडी थाने ले जाकर पहले उसकी काफी देर तक काउंसलिंग की और समझा बूझकर भविष्य में ऐसा न करने के लिए तैयार किया और बाद में युवक का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया था। पुलिस क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि यह युवक खतौली थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर का रहने वाला है और इसका प्रेम प्रसंग गांव की ही एक युवती से चल रहा था। उसे सकुशल उतार लिया गया है और उसके काउंसलिंग की गई। इसके बाद नियम अनुसार कार्रवाई की गई।