पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित मयूर विहार फेज-3 में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव शिव मंदिर चौक के पास पार्किंग एरिया में पड़ा मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी
पुलिस के अनुसार 21 मई को गाजीपुर थाने में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी, जिसमें शिव मंदिर चौक के पास एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतक की पहचान मोहम्मद अशरफ (29) पुत्र मोहम्मद आलमगीर निवासी घड़ौली गांव, गाजीपुर, दिल्ली के रूप में की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक नोएडा में दर्जी का काम करता था और हाल ही में बेंगलुरु से वापस लौटा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसका अपनी पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी हाल ही में अपनी बहन के घर पास के इलाके में रहने लगी थी।
पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी भी कराई
पुलिस जांच में यह भी जानकारी मिली है कि मृतक को अत्यधिक शराब पीने की आदत थी और घटना से एक दिन पहले भी उसने शराब का सेवन किया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच में प्रथम दृष्टया युवक को इमारत की छत से गिरते हुए देखा गया है। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल विशेषज्ञों ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी भी कराई है। फिलहाल पुलिस बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई कर रही है। शुरुआती जांच में किसी साजिश या आपराधिक षड्यंत्र के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।