वलीपुरा स्थित गंग नहर में नहाने गए एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम के साथ युवक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार, झाझर निवासी नाजिम पुत्र सलाम खां अपनी बहन के यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बुलंदशहर आया हुआ था। इसी दौरान वह वलीपुरा की गंग नहर में नहाने के लिए पहुंच गया। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया।
पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कराया
उधर, नहर किनारे लावारिस हालत में कपड़े पड़े देख एक स्थानीय व्यक्ति को शक हुआ, जिस पर उसने पुलिस को सूचना दी। कपड़ों में मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान नाजिम के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और नहर में युवक की तलाश जारी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सफलता नहीं मिल सकी थी।
नहाने के लिए नहर में चला गया
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक के भाई सलमान ने बताया कि नाजिम को तैरना नहीं आता था, फिर भी वह नहाने के लिए नहर में चला गया, जिससे यह हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन जारी है और जल्द ही युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।