मेरठ। कुछ दिन पहले हुए झगड़े के प्रतिशोध में एक युवक ने अपने दोस्त की ईंट से सिर कुचल कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने पहले दोस्त के साथ शराब पी थी। इसके बाद सेना के मैदान ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चंद घंटों में हत्याकांड का राजफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी निवासी 36 वर्षीय नितिन पुताई का काम करते थे। सोमवार सुबह को उसका शव खून में लथपथ नई गोविंदपुरी स्थित सेना के मैदान में पड़ा मिला। पास में ही उसकी बाइक खड़ी थी। जानकारी मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, सीओ दौराला और कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुला लिया। कानूनी प्रक्रिया के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हत्याकांड के राजफाश के लिए कंकरखेड़ा पुलिस और सीओ दौराला को लगाया गया। चंद घंटों की भागदौड़ के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तालिब निवासी कंकरखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ के बाद एसपी सिटी ने बताया, सुबह डायल-112 पर मैदान में युवक के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शव की पहचान नितिन पुत्र कुंवरपाल निवासी गोविंदपुरी के रुप में होने पर टीम को लगाया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो रविवार रात को आरोपी तालिब नितिन को साथ लेकर गया था। दोनों ने पहले साथ में शराब पी और हत्या की प्लानिंग के तहत आरोपी नितिन को मैदान में लेकर गया था। नितिन के नशे में होने के कारण आरोपी उसके सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या कर दी। एसपी सिटी ने बताया, तालिब का नितिन से कुछ दिन पहले विवाद हुआ था और इसी प्रतिशोध में आरोपी ने नितिन की हत्या की है। आरोपी कंकरखेड़ा में ही वेल्डिंग का काम करता है। आरोपी से आलाकत्ल भी बरामद किया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।