Delhi News: मयूर विहार फेज-3 इलाके में रविवार तड़के एक युवक की डंडों से पीट-पीटकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। करीब 40 वर्षीय युवक पर दो हमलावरों ने डंडों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने हमलावरों की पहचान और तलाश तेज कर दी है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक वारदात रविवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुई। सुरक्षा गार्ड नंदलाल ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब चार बजे बाथरूम से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि दो युवक एक व्यक्ति को दीवार के पीछे ले जाकर डंडों से बुरी तरह पीट रहे थे। नंदलाल ने हिम्मत जुटाकर बीच-बचाव करने और हमलावरों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया। उन्होंने गार्ड से चुपचाप वहां से चले जाने को कहा और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण गार्ड वहां से हट गए और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
हत्या का मामला दर्ज
सूचना मिलते ही न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो लोग युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के साथ-साथ हमलावरों के संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के चेहरे और उनकी गतिविधियों का सुराग मिल सके।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य विवाद समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। हालांकि हत्या की असली वजह हमलावरों की पहचान और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।