Gorakhpur News: कैंट थाना क्षेत्र के सिंघड़िया मॉडल शॉप के पास मंगलवार की देर शाम पहले एक युवक और युवती के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। घटना देख लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और मामला शांत कराया गया। उसके बाद देर रात बर्थडे पार्टी में विवाद के बाद युवती ने युवक को गोली मार दी, जिससे पार्टी में सनसनी फैल गई। गोली युवक के पेट में जा लगी। उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बर्थडे मनाने की तैयारी चल रही थी
पुलिस के मुताबिक, युवती का बर्थडे मनाने की तैयारी चल रही थी। इस दौरान कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। आरोप है कि तभी नाराज युवती ने पिस्टल से गोली चलाई, जो युवक के पेट में लगी। घटना के बाद युवती अपने साथियों के साथ भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने घेर कर रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। कैंट पुलिस ने इस मामले में एक युवती सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मारपीट का वीडियो भी बनाए
घटना के दौरान काफी भीड़ जुट गई थी। लोग अपने मोबाइल से मारपीट का वीडियो भी बनाए हैं। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, हरपुरबुदहट थाना क्षेत्र की रहने वाली अंशिका कैंट इलाके के सिंघड़िया में किराये के कमरे में रहती है। मंगलवार को उसका जन्मदिन था। वह अपने जन्मदिन पर मित्रों के साथ कार से मॉडल शॉप के पास आई थी। अंशिका का कहना है कि वह जन्मदिन पार्टी मना रही थी, जबकि वहां से गुजर रहे विशाल मिश्रा, जंगल सिकरी निवासी अमिताभ निषाद, उसका भाई शैलेश और दाेस्त संदीप उसे देखकर रुके। जहां अंशिका और विशाल के बीच किसी व्यक्तिगत कारण से विवाद शुरू हो गया।
अंशिका ने अपने पास रखी पिस्टल निकाल ली
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विशाल को संदेह था कि अंशिका उसकी पत्नी को अपने साथ घुमा रही है, यही बात विवाद का कारण बनी। कहासुनी के दौरान अंशिका ने अपने पास रखी पिस्टल निकाल ली। विवाद के बीच छीना-झपटी के दौरान गोली चल गई, जो विशाल के चालक अमिताभ निषाद के पेट में लगी। अमिताभ खोराबार थाना क्षेत्र के जंगल सिकरी बाईपास के निवासी हैं। वह एक नर्सिंगहोम के मैनेजर के चालक के रूप में काम करते हैं। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान अंशिका और उसके कुछ साथी भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आसपास के लोगों ने उन्हें घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अंशिका, विशाल और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया। साथ ही पिस्टल को जब्त किया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गोलीकांड से पहले सड़क पर हुई जमकर मारपीट
सड़क पर बवाल के बाद गोली चलने की वारदात के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया था। घटना स्थल पर उपस्थित लोगों ने बताया कि गोली चलने से इलाके में भारी डर का माहौल बन गया था। घायल अमिताभ को नजदीकी नर्सिंगहोम में ले जाया गया, जहां गंभीर हालत के कारण शहर के मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले लिया है, जिससे पूरे घटनाक्रम की पुष्टि होगी। वहीं, स्थानीय लोग भी पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद कर रहे हैं।
युवती पर पहले भी दर्ज हो चुका है केस
इस संबंध में कैंट सीओ योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अंशिका पर पहले भी एक चोरी का मामला खोराबार थाने में दर्ज है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में और क्यों हुई। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।