उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक, जो निजामुद्दीन नाम से पहचाना जाता है, मौलाना के कहने पर लड़कियों को बाहर सप्लाई करने की बात स्वीकार करता है. युवक ने बताया कि वह गजरौला के खाद गुजर गांव का निवासी है और इस अवैध गतिविधि में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया गया है, जिससे स्थानीय समुदाय में चिंता और आक्रोश फैल गया है. स्थानीय पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं.
'मौलाना के निर्देश पर लड़कियों की सप्लाई'
वायरल वीडियो में नजर आ रहा युवक निजामुद्दीन लड़कियों को अपने साथ ले जाकर उन्हें बाहर सप्लाई करने की बात खुद कबूल कर रहा है. उसने यह भी बताया कि यह काम करने के लिए मौलाना उसे निर्देश देते हैं. युवक ने यह भी खुलासा किया कि इस अवैध गतिविधि में उसके साथ तीन से चार अन्य लोग भी शामिल हैं.
नाबालिग को भगा कर ले जा रहा था
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने कहा कि वायरल वीडियो थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव लख्मिया का है. वीडियो में दिख रहा युवक गांव की नाबालिग बच्ची को भगाकर ले जा रहा था. जहां गांव वालों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. युवक ने बताया कि लड़की इसकी प्रेमिका नहीं है. वो मौलाना को कहने पर लड़कियों को सप्लाई करता है.
पुलिस ने आरोपी युवक निजामुद्दीन को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है. आरोपी ने पूछताछ में दावा किया है कि वह लड़कियों को मौलाना के कहने पर सप्लाई करता है, लेकिन इस दावे की सत्यता की जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़कियों को प्यार के जाल में फंसा कर अपने साथ ले जाता था और फिर उन्हें बेचने का काम करता था.
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी के दावे में कितनी सच्चाई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है.