मैदान में स्कूटी पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सूखे नशे की ओवरडोज से मौत आशंका जताई है। टीपी नगर थाना क्षेत्र के रोहटा रोड चौकी के पास खाली मैदान में स्कूटी पर सवार 26 वर्षीय रजत यादव निवासी बैंक कॉलोनी कंकरखेड़ा का शव मिला। शव की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। जिसकी सूचना लोगों ने थाना पुलिस को दी।
शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी
पुलिस ने शव शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मृतक की मां ममता ने पुलिस को बताया कि रजत एसडी इंटर कॉलेज में प्राइवेट नौकरी करता था। वह काफी समय से नशे का आदी था। अत्यधिक नशे के कारण उसे काला पीलिया की बीमारी भी हो गई थी। उसका इलाज चल रहा था। रजत के पिता राधेश्याम झज्जर, हरियाणा में मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस के अनुसार, मौके पर स्कूटी के पास कुछ इंजेक्शन बरामद हुए हैं। परिजनों ने भी बताया कि रजत नशे के लिए इंजेक्शन का इस्तेमाल करता था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई होगी। हालांकि पुलिस ने अभी मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
टीपीनगर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।