एक युवक को ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये मांगने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को एक युवती को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ब्लैकमेलिंग और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने खुद को गोली मार ली थी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
साकिब से पैसे लेना शुरू कर दिया
सरधना थाना क्षेत्र के मोहल्ला जोगियान के रहने वाले आमिल ने पुलिस को शिकायत करते हुए तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई साकिब की अजमा नाम की युवती से बातचीत और मिलना-जुलना था। इसके बाद अजमा और उसके परिवार वालों ने साकिब से पैसे लेना शुरू कर दिया।
झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
जब साकिब ने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो उस पर और उसके भाइयों पर दो लाख रुपये देने का दबाव बनाया गया। साथ ही, उन्हें बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने इसके बाद बलात्कार का मुकदमा दर्ज करा दिया।
साकिब ने खुद को गोली मार ली
वे दो लाख रुपये की मांग करते हुए ब्लैकमेलिंग करते रहे। आरोप है कि इस मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर साकिब ने खुद को गोली मार ली थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में नामजद आरोपी नजमा निवासी डी ब्लॉक अंजुम पैलेस के पीछे सिटी गार्डन ब्रह्मपुरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला पर कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।