पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में रविवार दोपहर एक 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 12:50 बजे थाना न्यू अशोक नगर में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि सी-ब्लॉक स्थित एक मकान के कमरे में युवती ने खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कमरा अंदर से बंद पाया गया।
कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ
दरवाजा नहीं खुलने पर फायर सर्विस की मदद ली गई और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। कमरे के भीतर युवती फंदे से लटकी हुई मिली। पुलिस ने तुरंत मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के पीछे के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
गंभीरता से जांच की जा रही
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा गया, जहां मेडिकल जांच के जरिए मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मौके पर किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि युवती की मानसिक स्थिति और हाल के घटनाक्रमों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। घटना ने इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।