बुलंदशहर, खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव इस्लामाबाद में रविवार को एक 30 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसका शव घर के अंदर पड़ा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान खुर्जा निवासी रूबी (30) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से अपने भाई के साथ गांव इस्लामाबाद में रह रही थी. रविवार को उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। जब परिजनों ने देखा तो वह घर में मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
घटना की जानकारी मिलते ही खुर्जा देहात थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की है.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रूबी को दौरे पड़ने की समस्या थी। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से शारीरिक रूप से कमजोर भी थी और उसका उपचार चल रहा था। प्रथम दृष्टया मौत का कारण दौरा पड़ना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी.
खुर्जा देहात थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि के संबंध में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है. इसके बावजूद सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.