Bulandshahr News: जहांगीराबाद कस्बे के मोहल्ला वंशीधर में शादी का दबाव और मानसिक उत्पीड़न झेल रही युवती की तेजाब पीने के करीब डेढ़ माह बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
क्या है पूरा मामला
परिजनों के अनुसार युवती सिलाई-कढ़ाई का काम करती थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला अनस पुत्र इस्लाम काफी समय से उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। युवती के इनकार करने पर वह लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इतना ही नहीं, जब भी युवती के विवाह की बात कहीं चलती थी, आरोपी वहां पहुंचकर रिश्ता तुड़वाने का प्रयास करता था। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर पिया तेजाब
परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 28 मई को ईद-उल-अजहा के दिन तेजाब पी लिया था। गंभीर हालत में उसे पहले मेरठ के एक निजी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। करीब डेढ़ माह तक इलाज चलने के बाद शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टमे के बाद किया गया अंतिम संस्कार
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मृत्यु से पहले युवती ने बताया था कि आरोपी की प्रताड़ना और शादी के दबाव से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।
मामले की विवेचना जारी
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अनस को आरसी फार्म हाउस रोड से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।