जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव की एक युवती ने दधेड़ू खुर्द निवासी युवक और उसके साथियों पर नशीला पदार्थ सुंघाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दो समुदाय से मामला जुड़ा होने के चलते एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। सीओ को क्षेत्र में ही कैंप करने के निर्देश दिए गए हैं और अतिरिक्त पुलिस तैनात की गई है।
नशीला पदार्थ सुंघाया
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि वह अपने पिता के साथ गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी का कार्य करती है। आरोप है कि 13 जून को भट्ठे पर कार्य करने वाले उमर पुत्र आस मोहम्मद निवासी दधेड़ू खुर्द का उसके मोबाइल पर फोन आया। आरोपी ने उसे बताया कि उसकी मां श्मशान घाट के पास घास काट रही है और उसे वहां आने के लिए कहा। पीड़िता के अनुसार जब वह मौके पर पहुंची तो दो मोटरसाइकिलों पर पांच युवक वहां पर मौजूद थे। आरोप है कि उमर ने अपने रूमाल में लगा कोई नशीला पदार्थ उसे सुंघा दिया, जिससे वह अचेत सी हो गई।
धमकी देते हुए खेत में छोड़कर फरार हो गए
इसके बाद आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर कछौली रेलवे पुल के पास गन्ने के खेत में ले गए। युवती का आरोप है कि वहां उमर और उसके दो साथियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि दो अन्य युवक खेत के बाहर खड़े पहरेदारी करते रहे। होश आने पर उसने फोन करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे ऐसा नहीं करने दिया और उसे धमकी देते हुए खेत में छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने बाद में अपने परिचितों को सूचना दी, जिसके बाद उसे घर लाया गया। इसके बाद वह परिजनों के साथ थाना चरथावल पहुंची और घटना की तहरीर दी।
मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 95/2026 धारा 70(1), 87 व 123 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना चरथावल पुलिस की संयुक्त तीन टीमों का गठन किया गया है। सीओ को कैम्प करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनपर गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई होगी। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।