थाना देहात क्षेत्र में एक किशोरी का अपहरण कर जे जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब परिजन व पुलिस किशोरी की तलाश में जुटे हैं। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के प्रेमनगर के मुरसलीन ने बताया कि पांच जून को वह परिवार सहित अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए थाना देहात क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर आया था।
पुत्री का अपहरण कर फरार हो गया
सात जून को निकाह समारोह के दौरान उसकी 17 वर्षीय पुत्री भी परिवार के साथ मौजूद थी। आरोप है कि 15 जून की सुबह करीब 11 बजे गांव सुल्तानपुर का वासिल उसकी पुत्री का अपहरण कर फरार हो गया। काफी देर तक पुत्री के घर वापस न लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अपहरण की जानकारी के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस से की। पीड़ित ने पुत्री की सकुशल बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी वासिल के खिलाफ अपहरण सहित संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।