Youth Congress MP Election : मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 20 जून से 19 जुलाई तक चली इस लंबी प्रक्रिया में प्रदेश भर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। करीब 16 लाख युवाओं ने सदस्यता ली है और विभिन्न पदों के लिए मतदान किया है। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 18 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जबकि महासचिव पद के लिए 182 दावेदार हैं। अब दस्तावेज सत्यापन के बाद नई कार्यकारिणी का गठन दो महीने में किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 18 उम्मीदवार
इस बार युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है। कुल 18 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें कई युवा चेहरे और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं। प्रमुख नामों में जावेद पटेल, योगिता सिंह, नीरज पटेल, गीता कड़वे, अभिषेक परमार, विनय पांडे, शुभंगाना राजे, यश घनघोरिया, स्वीटी पाटिल जैसे चेहरे शामिल हैं। संगठन प्रमुख पद को लेकर युवाओं में उत्साह चरम पर है।
182 दावेदार महासचिव पद की रेस में
प्रदेश महासचिव पद के लिए भी इस बार रिकॉर्ड 182 उम्मीदवार सामने आए हैं। इससे युवा कांग्रेस के भीतर बढ़ते जनाधार और सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। महासचिव पद के लिए उम्मीदवारों की यह बड़ी संख्या संगठन की ताकत को दर्शाती है।
सदस्यता और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया
इस बार करीब 16 लाख युवाओं ने सदस्यता ली है, जिनमें से प्रत्येक सदस्य ने छह-छह वोट किए हैं। अब इन सभी नए सदस्यों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। अगर किसी के दस्तावेजों में त्रुटि पाई जाती है, तो उसकी सदस्यता निरस्त कर दी जाएगी। इस प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग दो महीने का समय लगेगा।
दिल्ली में होगा अंतिम चयन
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग के आधार पर शीर्ष तीन उम्मीदवारों को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दिल्ली बुलाया जाएगा, जहां उनका इंटरव्यू लिया जाएगा। इसके बाद युवा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा। साथ ही नई कार्यकारिणी का भी गठन होगा।