बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला राजीव विहार में किराए के मकान में रह रहे एक युवक की खिड़की से फांसी का फंदा लगाने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस और फार्रेसिंक टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से जनपद इस्माइलपुर दमी बढ़ापुर निवासी गौतम (18 वर्ष) यहां बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला राजीव विहार में किराए के मकान में रहता था। वह मोहल्ले में ही एक फर्नीचर की दुकान पर बढ़ई का काम करता था।
घर का दरवाजा बंद था
शनिवार की सुबह को वह अपने घर पर ही था और घर का दरवाजा बंद था। दिनभर दरवाजा न खुलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने दरवाजे के कब्जे तोड़कर गेट खोला तो देखा कि गौतम खिड़की से गली में लगे फंदे पर लटका हुआ था।
मामला आत्महत्या का लग रहा
फार्रेसिंक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। बताया गया कि पिछले कई माह से गौतम यहां रह रहा था। किसी तरह का उसका किसी से कोई विवाद नहीं हुआ है। मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी मृतक के चाचा बलबीर सिंह को इसकी दे दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख मामले की जांच की जा रही है।