मुजफ्फरनगर जनपद के कोतवाली बुढाना क्षेत्र के गांव कुरथल में शुक्रवार के दिन दो युवकों के बीच जंगल में आपस में हुई जबरदस्त मारपीट के दौरान एक युवक गंभीर चोट लगने से जख्मी हो गया, जिसे घायलावस्था में छोड़कर हमलावर फरार हो गया। 25 वर्षीय युवक को अचेतावस्था में पड़ा देखकर परिजनों ने उसे तत्काल कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अंकित उर्फ भूरा पुत्र रमेश गांव कुरथल का ही रहने वाला है।
मिली जानकारी के अनुसार कुरथल गांव निवासी अंकित शुक्रवार के दिन गांव के बाहर जंगल की ओर गया था, जहां उसकी गांव निवासी ब्रह्मसिंह के साथ किसी बात पर मारपीट में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में अंकित को काफी चोट आई और हमलावर उसे वहीं घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। अंकित घायलावस्था में कुरथल वाया नगवा मार्ग पर बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ था। इस घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी बुढ़ाना ले गए लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित की मौत की सूचना मिलते ही बुढ़ाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंकित की पीट पीटकर हत्या की गई है। उन्होंने गांव के ब्रह्मसिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बुढ़ाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शरीर पर मिले चोट के निशानों की भी जांच की जाएगी।
बुढाना के सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के कुरथल गांव निवासी अंकित एवं ब्रह्मसिंह के मध्य ग्राम कुरथल के जंगल में किसी बात को लेकर विवाद हो गया जो मारपीट में परिवर्तित हो गया। उक्त घटना में अंकित को गंभीर चोटें आई। घायलावस्था में उसे उपचार हेतु सीएचसी बुढ़ाना ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना प्राप्त होने पर बुढ़ाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया। इस संबंध में बुढ़ाना कोतवाली पर प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम का गठन कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।