Hapur News: पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव अनवरपुर में तेज प्रवाह के करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक एक पेड़ पर बेलपत्र तोड़ने के लिए चढ़ा था। जैसे ही गांव में इस हादसे की खबर पहुंची तो मृतक की पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजन में मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, गांव अनवरपुर में 35 वर्षीय विक्रम अपने पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों के साथ निवास करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है विक्रम बेलपत्र के एक पेड़ पर चढ़कर बेलपत्र तोड़ने का काम कर रहा था। तभी अचानक से पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया। तेज प्रवाह वाले करंट की चपेट में आकर विक्रम की मौत हो गई। जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की सूचना गांव में पहुंची तो परिजन व ग्रामीणों में कोहराम मच गया।
मामले की जांच जारी
आनन फानन में काफी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंच गए। शव को देखकर मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। पिलखुवा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।