मेरठ। दोस्तों के साथ भोले की झाल पर नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से निकाला और परिजनों को सूचना देने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी निवासी समीर अपने दोस्तों के साथ जानी क्षेत्र स्थित भोले की झाल में नहाने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने थाना पुलिस को दी। पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने समीर के साथ मौजूद दो दोस्तों से घटना की जानकारी ली। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद समीर का शव उसके घर पहुंचा। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और तीन बेटियों को छोड़ गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान डूबने से मौत की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।