प्रेमिका से वीडियो काल पर बात करने के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि प्रेमिका के मोबाइल बंद करने के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठाया था। लोहिया नगर थाना क्षेत्र के जिलानी गार्डन में शकील परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी नसीमा, दो बेटे अनस और मोईन और एक बेटी है। 20 वर्षीय मोईन सैलून का काम करता था। परिजनों ने बताया, सात महीने पहले मोईन की दोस्ती प्रयागराज की एक युवती से हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। दोनों अक्सर देर रात तक फोन और वीडियो कॉल पर बात करते थे। शुक्रवार रात भी मोईन ने वीडियो काल कर प्रेमिका से बात की थी।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार
इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। इसके बाद युवती ने मोबाइल बंद कर दिया। इससे आहत मोईन ने अपने कमरे की छत में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मोईन के बड़े भाई अनस ने बताया, रात दो बजे जब वह शौच के लिए उठे तो देखो मोईन के कमरे की लाइट जली हुई थी। संदेह होने पर खिड़की से झांककर देखा तो मोईन का शव पंखे से लटका हुआ था। यह नजारा देखकर अनस की चीख निकल गई। चीख सुनकर परिजन और पड़ोसी आ गए। परिजनों ने मोईन को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोहिया नगर पुलिस का कहना था कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शनिवार को गमगीन माहौल में मोईन के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
शनिवार सैलून की नई दुकान का करना था शुभारंभ
परिजनों ने बताया, मोईन ने समर गार्डन में सैलून की नई दुकान खोली है, जिसका शनिवार को शुभारंभ होना था। दुकान के उद्घाटन की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन उससे एक रात पहले ही मोईन के इस आत्मघाती कदम ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मोईन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।