मेरठ। दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे नितिन नागर की हत्या में फरार चल रहे मुख्य आरोपी समेत दो को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। अभी चार आरोपी फरार है। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
11 सितंबर यानि शुक्रवार शाम को हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में नितिन नागर की दो बाइकों पर सवार छह हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय नितिन अपने दोस्त के साथ दिल्ली पुलिस के फिजिकल टेस्ट की तैयारी के लिए दौड़ लगा रखा था। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने मेरठ-बिजनौर मार्ग पर शव रखकर जाम लगाया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मुख्य आरोपी के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की थी। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी, जिसकी मानिटरिंग एसपी देहात अभिजीत कुमार कर रहे हैं।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया, रविवार देर रात एक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जम्बूद्वीप नहर पुल की पटरी के पास से मुख्य आरोपी सत्या तोमर उर्फ मिठ्ठू निवासी जे-ब्लॉक कस्बा व थाना हस्तिनापुर व उत्सव यादव निवासी पाली गांव थाना हस्तिनापुर को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा बरामद किया गया है। एसपी देहात ने बताया, अभी चार आरोपी गोल्डी निवासी रानी नंगला गांव, ऋषभ व शक्ति निवासीगण जंधेड़ी गांव थाना मवाना और एक अज्ञात हमलावर फरार है। जल्द इन चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया।