Madhumitha Gold Theft : सोशल मीडिया पर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल, सोने के गहनों और नकदी की झलक दिखाने वाली YouTuber मधुमिता इन दिनों एक चोरी की वजह से चर्चा में हैं। तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में उनके और उनके पति विनोद कुमार के घर चोरी हुई है। पुलिस के मुताबिक, घर से 118 सॉवरेन सोने के गहने यानी करीब 944 ग्राम सोना चोरी हुआ है। नकदी भी ले जाने की बात सामने आई है।
पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर
मामला नागरकोइल के पास थम्माथुकोनम के वीआईपी गार्डन इलाके का है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय मधुमिता और उनके पति घर पर नहीं थे। इसी दौरान अज्ञात लोग घर के पिछले हिस्से से दाखिल हुए। उन्होंने पीछे का दरवाजा तोड़ा और अंदर रखे कीमती सामान तक पहुंच गए। चोरी की जानकारी मिलने के बाद राजक्कमंगलम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
करीब एक किलो सोना हुआ गायब
चोरी हुए सोने की मात्रा ने इस मामले को और चर्चा में ला दिया है। 118 सॉवरेन का मतलब करीब 944 ग्राम सोना होता है। यानी लगभग एक किलो सोने के गहने घर से गायब हुए हैं। इसके साथ नकदी भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद तस्वीर और साफ होगी।
सोशल मीडिया पोस्ट पर भी पुलिस की नजर
मामले में सबसे ज्यादा ध्यान सोशल मीडिया गतिविधियों पर जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, मधुमिता और उनके पति अपने वीडियो में सोने के गहने और नकदी दिखाते रहे हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन वीडियो या पोस्ट से किसी को घर में मौजूद कीमती सामान की जानकारी मिली थी। हालांकि, अभी यह साबित नहीं हुआ है कि चोरी का कारण सोशल मीडिया पोस्ट ही थे।
इसे भी पढ़ें : बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर Google ने उठाया बड़ा कदम, अब सीधे भारत पहुंचेगी ये जानकारी
सीसीटीवी से चोरों तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि चोर किस रास्ते से आए, कितने लोग थे और चोरी के बाद किस दिशा में गए। पुलिस यह भी देख रही है कि क्या घर की पहले से रेकी की गई थी। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है।