उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां चर्चित स्नेक रेस्क्यूर मुरली हौसला को एक जहरीले कोबरा ने डस लिया. यह घटना जलालपुर इलाके में उस समय हुई जब वे एक प्लास्टिक के जाल में फंसे कोबरा को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे.
जाल काटते समय कोबरा ने किया हमला
हाथ में कैंची लेकर जाल काटते समय कोबरा ने अचानक उनके दाहिने हाथ की उंगली पर हमला कर दिया. सांप के डसते ही मुरली घबरा गए और तुरंत अपनी उंगली को मुंह में डालकर जहर चूसने का प्रयास करने लगे. आसपास मौजूद लोग भी इस दृश्य को देखकर स्तब्ध रह गए.
मुरली हौसला की हालत नाजुक
मुरली हौसला को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. मुरली हौसला जौनपुर समेत आसपास के जिलों में 'स्नेक रेस्क्यू हीरो' के नाम से मशहूर हैं. वे अक्सर जहरीले सांपों को रेस्क्यू कर जंगलों में सुरक्षित छोड़ते हैं और अपने इस काम के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जो उनके साहस और सेवा-भाव की सराहना करते हैं.
हालांकि, इस बार उनके साहसिक प्रयास में उनकी जान जोखिम में पड़ गई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मुरली कितनी सावधानी से काम कर रहे थे, लेकिन हादसा हो गया. फिलहाल वो अस्पताल में भर्ती हैं और लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं.