मेरठ। फेमस यूट्यूबर शादाब जकाती, उसकी पत्नी साजिया और बेटे के खिलाफ एक महिला ने एक साल तक बंधक बनाकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, जकाती ने वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है और सबूत मिलने पर खुद अपनी गर्दन काटने की बात कही है।
मूलरूप से झारखंड की रहने वाली चांदनी उर्फ तबस्सुम ने शुक्रवार को नवनियुक्त एसएसपी अविनाश पांडेय से शिकायत की, जिसमें पीड़िता ने बताया, वह वर्ष- 2017 से मेरठ में रह रही है। उसने मुजफ्फरनगर निवासी सोनू प्रजापति से लव मैरिज की थी, जिस कारण उसे गांव छोड़ना पड़ा था। यहां आकर वह इंचौली में रहने लगी थी और यूट्यूब पर रील बनाने लगी। परिवार में एक बेटा भी है। चांदनी ने बताया, फरवरी 2025 में उसकी मुलाकात इंचौली निवासी शादाब जकाती से हुई। इसके बाद से शादाब ने उसे अपनी रील में रखने लगा था। पीड़िता का कहना था कि शुरुआत में उसे लगा कि शादाब मदद करना चाहता है। इसलिए अपने घर पर भी काम दिया है। आरोप है कि धीरे-धीरे वह उसकी हरकतों को समझने लगी। शादाब ने मुझे एक साल से बंधक बनाकर रखा। घर के सारे काम कराने लगा। विरोध किया तो एक उसने उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शादाब धमकी से वह डर गई थी। इसका फायदा उठाकर शादाब और उसका परिवार शोषण करने लगा। आरोप है कि 15 जनवरी को शादाब की पत्नी साजिया ने मारपीट और गाली-गलौज शुरु कर दी। इससे तंग आकर उसने आत्महत्या की सोची, लेकिन पति ने हिम्मत दी।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया, महिला की तहरीर पर इंचौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, शादाब जकाती ने इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया है, जिसमें शादाब ने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि अगर उसके खिलाफ सबूत मिलते है तो खुद अपनी गर्दन काट लेगा। पुलिस निष्पक्ष जांच करें। पुलिस की जांच में वह सहयोग करेंगे। उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।