YouTube Rule Change: ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म YouTube अपने नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। यूट्यूब अपनी मोनेटाइजेशन पॉलिसी में अपडेट कर रहा है। यूट्यूब का यह नया बदलाव 15 जुलाई से लागू होने वाला है। इस बदलाव के साथ, कंपनी ओरिजिनल और हाई वैल्यू कंटेंट को ही बढ़ावा देगी। इस बदलाव का फायदा उन लोगों को मिलेगा जो खुद से सोचकर मेहनत से ओरिजनल वीडियो बनाते हैं। इससे यूट्यूब पर वीडियो की क्वालिटी भी बेहतर होगी और दर्शकों को बार-बार वही पुरानी चीजें नहीं देखनी पड़ेंगी।
क्या है नया बदलाव
यूट्यूब अब ऐसे चैनल्स पर सख्ती करने वाला है, जो एक ही वीडियो को बार-बार अपलोड करते हैं, जो सिर्फ AI से बने वीडियो दिन में दर्जनों बार डालते हैं। जिनमें स्क्रिप्ट, आवाज और विज़ुअल सबकुछ बिना किसी इंसानी मेहनत के ऑटोमेटेड होता है, ऐसे कंटेंट को अब स्पैम और आर्टिफिशियल एक्टिविटी माना जाएगा। ऐसा कंटेट डालने पर यूट्यूब आपके चैनल को डिमोनेटाइज कर देगा और एड से पैसे आना बंद हो जाएंगे।
मोनेटाइज के लिए पूरी करनी होगी ये शर्तें
चैनल मोनेटाइज कराने के लिए पहले आपके पास 1000 से ज्यादा सब्सक्राइबर्स होने चाहिए। इसके अलावा चैनल पर 12 महीनों में 4000 पब्लिक वॉच आवर होने चाहिए या फिर 1 करोड़ शॉर्ट्स व्यू 90 दिनों में आने चाहिए। हालांकि, अब शर्त सिर्फ इतनी नहीं रहेगी, बल्कि आपका कंटेंट ओरिजनल और ऑथेंटिक होना चाहिए। तभी यूट्यूब आपके चैनल को मोनेटाइज करेगा।
इन लोगों को चिंता की जरूरत नहीं
यूट्यूब ने साफ तौर पर कहा है कि जो क्रिएटर्स खुद कंटेंट बनाते हैं, अपनी स्क्रिप्ट, आवाज और रिसर्च बेस्ड वीडियो तैयार करते हैं और दर्शकों को हाई वैल्यू कंटेंट दे रहे हैं, उनके लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। वो पहले की तरह ही मोनेटाइजेशन का लाभ उठा सकते हैं।