ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में गिरफ्तार एमजेड विजटाउन बिल्डर कंपनी के डायरेक्टर अभय कुमार की न्यायिक हिरासत को अदालत ने बढ़ा दिया है। बिल्डर की ओर से दी गई जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 13 फरवरी को होगी।
इससे पहले 29 जनवरी को हुई सुनवाई में लोटस ग्रीन के बिल्डर रवि बंसल और सचिन करनवाल को जमानत मिल चुकी थी। दोनों ने अदालत में कहा था कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है और उन्हें झूठा फंसाया गया है।
गौरतलब है कि एमजेड बिजटाउन बिल्डर के नाम पर ही एससी-02 A3 सेक्टर-150 का प्लॉट है, जहां युवराज की कार निर्माणाधीन प्लॉट में गिर गई थी और डूबने से उसकी मौत हो गई थी। यह प्लॉट एक कंसोर्टियम का हिस्सा है।
पुलिस ने इस मामले में दूसरी एफआईआर दर्ज कर पांच लोगों को नामजद किया था। इनमें से तीन की गिरफ्तारी हो चुकी है, दो को जमानत मिल गई है और एक पर आज सुनवाई हुई। वहीं लोटस ग्रीन का निर्मल सिंह अब भी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।