Yuzvendra Chahal First Class Retirement : भारतीय टीम के अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेकर अपने रेड-बॉल करियर का अंत कर दिया है। हालांकि उन्होंने साफ कर दिया है कि वनडे और टी20 क्रिकेट में उनका सफर अभी जारी रहेगा और टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद भी बरकरार है।
रेड-बॉल क्रिकेट को कहा अलविदा
36 वर्षीय युजवेंद्र चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से तत्काल प्रभाव से संन्यास लेने का फैसला किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। चहल का आखिरी फर्स्ट क्लास मुकाबला इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर नॉर्थम्पटनशायर के लिए रहा। इसी मैच के बाद उन्होंने अपने लंबे रेड-बॉल सफर को विराम देने का फैसला किया।
टेस्ट कैप का सपना रह गया अधूरा
संन्यास की घोषणा करते हुए चहल ने भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि 10 साल की उम्र में पहली बार लाल गेंद हाथ में लेने से लेकर आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेलने तक का सफर बेहद खास रहा। चहल ने स्वीकार किया कि भारतीय टेस्ट टीम के लिए खेलना उनका सबसे बड़ा सपना था, लेकिन यह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने अपने करियर से संतुष्टि जताई और मिले हर अवसर के लिए आभार व्यक्त किया।
फर्स्ट क्लास करियर के आंकड़े शानदार
युजवेंद्र चहल ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 49 मैच खेले और 148 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 32.27 रहा। उन्होंने छह बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया, जबकि आठ मौकों पर चार विकेट झटके। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6 विकेट पर 44 रन रहा। रेड-बॉल क्रिकेट में चहल ने अपनी स्पिन से कई यादगार प्रदर्शन किए।
व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर रहेगा फोकस
चहल ने साफ किया है कि उनका क्रिकेट करियर खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलने की भूख अब भी कायम है और वह वनडे तथा टी20 प्रारूप में वापसी के लिए पूरी मेहनत करेंगे। लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे चहल का आखिरी वनडे जनवरी 2023 और आखिरी टी20 अगस्त 2023 में था।
इसे भी पढ़ें : Virat तीसरे, Rohit 5वें नंबर पर... ODI की रन मशीन लिस्ट में भारत का जलवा, शुभमन गिल सबसे आगे
'द लास्ट डांस' पोस्ट से शुरू हुई थी चर्चा
कुछ दिन पहले चहल ने लॉर्ड्स से तस्वीरें साझा करते हुए "द लास्ट डांस" लिखा था। इसके बाद उनके संन्यास की अटकलें तेज हो गई थीं। अब फर्स्ट क्लास क्रिकेट से विदाई के ऐलान के साथ उस पोस्ट का मतलब भी साफ हो गया है। हालांकि सफेद गेंद के क्रिकेट में चहल अभी भी अपनी नई पारी शुरू करने के लिए तैयार हैं और भारतीय टीम में वापसी का सपना देख रहे हैं।