रूस और यूक्रेन के बीच नए साल में भी तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। बीते दिनों रूस ने दावा किया था कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हमला किया। वहीं, अब यूक्रेन ने रूस के ऊपर आरोप लगाया है कि नए साल के मौके पर उसने 200 से ज्यादा ड्रोन हमले किए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने तस्वीरें भी साझा की हैं।
दो सौ से ज्यादा ड्रोन लॉन्च
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने चार तस्वीरें और एक वीडियो साझा कर लिखा, रूस जानबूझकर नए साल में युद्ध ले आया है, रातों-रात यूक्रेन के खिलाफ दो सौ से ज्यादा ड्रोन लॉन्च किए। उनमें से ज्यादातर को मार गिराया गया, और मैं अपने सभी योद्धाओं को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने इस हमले को नाकाम कर दिया।
बचाव दल मदद कर रहे हैं
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि हमलों ने वोलिन, रिव्ने, जापोरिज्जिया, ओडेसा, सुमी, खार्किव और चेर्निहाइव इलाकों को निशाना बनाया। टारगेट हमारा एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर था। जहां भी जरूरी हो, बचाव दल मदद कर रहे हैं, और पावर इंजीनियर हमलों के बाद बिजली ठीक कर रहे हैं। मैं हमले के बाद की स्थिति से निपटने में शामिल हर व्यक्ति को धन्यवाद देता हूं।
डिलीवरी में देरी नहीं की जा सकती
जेलेंस्की ने एक्स पर आगे लिखा, हत्याएं रोकनी होंगी, इंसानी जान की रक्षा में कोई रुकावट नहीं आ सकती। अगर नए साल की छुट्टियों में भी हमले नहीं रुकते, तो एयर डिफेंस डिलीवरी में देरी नहीं की जा सकती। हमारे साथियों के पास जरूरी सामान कम हैं। हमें उम्मीद है कि दिसंबर के आखिर में हमारी सुरक्षा के लिए अमेरिका के साथ जो भी तय हुआ था, वह समय पर मिल जाएगा। मैं यूक्रेन के साथ खड़े होने और हमारी सुरक्षा के लिए काम करने की उनकी तैयारी के लिए सभी का शुक्रगुजार हूं।
नए साल पर यह संदेश
नए साल के मौके पर दिए गए छोटे से संदेश में पुतिन ने युद्ध में शामिल सैनिकों को देश का नायक बताया। नए साल पर यह संदेश रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कमचटका से सबसे पहले प्रसारित हुआ। यह जानकारी द मॉस्को टाइम्स की रिपोर्ट में सामने आई।