अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में पहली बार मुस्लिम मेयर बने जोहरान ममदानी की ऐतिहासिक जीत के बाद पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने कहा कि ममदानी की विचारधारा न्यूयॉर्क को “कम्युनिस्ट सिटी” बना देगी और लोग वहां से फ्लोरिडा भागने लगेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि “डेमोक्रेट अमेरिका को क्यूबा और वेनेजुएला की तरह बनाना चाहते हैं।”
‘कम्युनिज्म से भागेंगे लोग’ – ट्रंप का बयान
मियामी के एक बिजनेस कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने कहा कि अब न्यूयॉर्क में रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा, “मैं भी कभी वहीं रहता था, लेकिन अब कोई क्यों चाहेगा कि वह कम्युनिस्ट शासन में रहे?” ट्रंप ने यह भी बताया कि उन्होंने न्यूयॉर्क छोड़कर फ्लोरिडा में बसना इसलिए चुना क्योंकि वहां की डेमोक्रेटिक सरकार ने उनके साथ पक्षपात किया था।
पूर्व मेयर पर भी साधा निशाना
ट्रंप ने भाषण में न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर बिल डी ब्लासियो पर निशाना साधते हुए कहा कि “वह इतिहास के सबसे खराब मेयरों में से एक हैं।” उन्होंने कहा कि जब से वे व्हाइट हाउस गए, तब से न्यूयॉर्क में राजनीतिक वातावरण उनके खिलाफ बदल गया और शहर की पहचान भी कमजोर पड़ी।
‘अमेरिका को क्यूबा न बनने दें’ – ट्रंप की चेतावनी
ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट अमेरिका को उस राह पर ले जा रहे हैं जिस पर क्यूबा और वेनेजुएला चले गए थे। उन्होंने कहा कि फ्लोरिडा अब “स्वतंत्र अमेरिका” का प्रतीक बन चुका है और देश को इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहिए ताकि स्वतंत्रता और पूंजीवाद कायम रहे।
जोहरान ममदानी का पहला दिन
मेयर बनने के बाद जोहरान ममदानी ने अपना पहला दिन इंटरव्यू और बैठकों से शुरू किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह दिन बेहद व्यस्त रहा लेकिन ऐतिहासिक भी। उन्होंने सांसद एलेक्जेंड्रिया ओकासियो-कोर्टेज के साथ दोपहर का भोजन किया और परिवर्तन की दिशा में नई योजनाओं की शुरुआत करने का संकेत दिया।